मानव तस्करी पर सख्ती का संकल्प, पुलिस मुख्यालय में राज्य स्तरीय परामर्श कार्यक्रम आयोजित

दस्तक 7मीडिया /पटना 

अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस मुख्यालय के सभागार में राज्य स्तरीय एक दिवसीय परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार रहे। इस दौरान मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में अपराध अनुसंधान विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक पारस नाथ, कमजोर वर्ग प्रकोष्ठ की अपर पुलिस महानिदेशक के. सुहिता अनुपम, पुलिस उप-महानिरीक्षक (कमजोर वर्ग) आमिर जावेद सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर न्याय नेटवर्क (NYAY Network), भूमिका विहार (Bhoomika Vihar) तथा आईजेएम (IJM) जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। वक्ताओं ने मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, पीड़ितों के पुनर्वास, जागरूकता अभियान तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और संबंधित एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया गया। आयोजन का उद्देश्य मानव तस्करी की रोकथाम के लिए साझा रणनीति तैयार करना और समाज में जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।