हराही पोखर सौंदर्यीकरण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण
हराही पोखर सौंदर्यीकरण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण
हराही पोखर सौंदर्यीकरण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
शहर के प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्य को समय पर पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को हराही पोखर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने हराही पोखर में चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया और बुडको के परियोजना निदेशक अभय कुमार से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने संवेदक को भी स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि हराही पोखर, गंगासागर और दिग्घी तालाब का सौंदर्यीकरण शहर के सौंदर्य को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि तीनों तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।