एससी-एसटी अत्याचार मामलों में 321 पीड़ितों को 1.74 करोड़ मुआवजा, 22 आश्रितों को मिल रही पेंशन
एससी-एसटी अत्याचार मामलों में 321 पीड़ितों को 1.74 करोड़ मुआवजा, 22 आश्रितों को मिल रही पेंशन
एससी-एसटी अत्याचार मामलों में 321 पीड़ितों को 1.74 करोड़ मुआवजा, 22 आश्रितों को मिल रही पेंशन
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति तथा मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम, 2013 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एससी-एसटी अत्याचार पीड़ितों को राहत, पुनर्वास और मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि पिछली बैठक के बाद पुलिस से प्राप्त प्राथमिकी और आरोप पत्रों के आधार पर 321 पीड़ितों एवं आश्रितों को कुल 1 करोड़ 74 लाख 47 हजार 50 रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान किया गया है। वहीं हत्या के मामलों में 22 आश्रितों को प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि कमतौल थाना कांड संख्या-14/23 एवं हायाघाट थाना कांड संख्या-152/23 के मृतकों के आश्रित बब्लू कुमार और राजा कुमार की परिचारी पद पर नियुक्ति के लिए विभाग को अनुशंसा भेजी गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अगले बैठक से पहले सभी प्रखंडों में रोस्टर बनाकर एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और विकास मित्र पंचायत स्तर पर लोगों को इस कानून के प्रति लगातार जागरूक करें।
मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दरभंगा जिले में मैनुअल स्कैवेंजर के रूप में कोई भी व्यक्ति चिन्हित नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को सफाईकर्मियों को समय-समय पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।