पारा विधिक स्वयंसेवकों के चयन को लेकर साक्षात्कार की तिथि घोषित, 5 से 7 अगस्त तक होगा इंटरव्यू

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा ने पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) के चयन के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथि जारी कर दी है। सचिव आरती कुमारी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडल के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 5 अगस्त 2026 को व्यवहार न्यायालय, बिरौल में आयोजित होगा। वहीं दरभंगा सदर अनुमंडल के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 6 एवं 7 अगस्त 2026 को एडीआर-सह-मध्यस्थता केंद्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, दरभंगा परिसर में लिया जाएगा।

बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडल के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार क्रमांक 540 से 736 तक किया जाएगा। वहीं सदर अनुमंडल के अभ्यर्थियों में 6 अगस्त को क्रमांक 1 से 270 तथा 7 अगस्त को क्रमांक 271 से 539 तक के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू निर्धारित किया गया है।

सचिव ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान अपने सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति साथ लानी होगी। बेनीपुर, बिरौल तथा दरभंगा सदर—तीनों अनुमंडलों के अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय दोपहर 2:00 बजे निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी अद्यतन जानकारी समय-समय पर व्यवहार न्यायालय, दरभंगा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की गई है।