लहेरियासराय थाना पहुंचे एसएसपी, लंबित कांडों की समीक्षा कर तय की समय-सीमा, वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को लहेरियासराय थाना का निरीक्षण कर सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित आपराधिक कांडों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में थानाध्यक्ष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी तथा थाना के अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक अनुसंधानकर्ता को तय समय-सीमा के भीतर कांडों के निष्पादन का लक्ष्य भी सौंपा।

बैठक के दौरान जमानतीय एवं अजमानतीय पंजी, कांड दैनिकी, आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, केस डायरी तथा वारंट, इश्तिहार और कुर्की से संबंधित पंजियों का अवलोकन किया गया। अभिलेखों को अद्यतन रखने और अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने 90 दिनों से अधिक समय से लंबित कांडों का अनुसंधान प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा थाना क्षेत्र में नियमित और सघन गश्ती चलाने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।