सोशल मीडिया पर पिस्टल संग डांस का वीडियो वायरल,महिला गिरफ्तार, घर से हथियार, कारतूस और मोबाइल बरामद

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद घनश्यामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, अतिरिक्त मैगजीन, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को घनश्यामपुर थाना के सरकारी नंबर पर एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक महिला पिस्टल के साथ डांस करती दिखाई दे रही थी। वीडियो का सत्यापन विभिन्न चौकीदारों से कराया गया, जिसके बाद महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी राम गुलाम यादव की पत्नी लाखो देवी के रूप में हुई।
इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर सिरसिया स्थित महिला के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर में रखे एक बक्से से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), एक अतिरिक्त मैगजीन, एक छोटे बैग में दो जिंदा कारतूस (KF 7.65 अंकित), वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 160 रुपये नकद बरामद किए गए। एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि अवैध हथियार एवं कारतूस रखने के आरोप में लाखो देवी को गिरफ्तार कर घनश्यामपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद वृहस्पतिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार महिला के विरुद्ध घनश्यामपुर थाना कांड संख्या 151/25 में मारपीट के एक मामले में पूर्व से भी प्राथमिकी दर्ज है।
छापामारी थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में किया गया। जिसमें पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार, सतीश कुमार,एस आई आकृति कुमारी, महिला सिपाही अंतिमा कुमारी, पूजा कुमारी, खुशबू तथा सिपाही धर्मेंद्र कुमार चौधरी और रजनीश कुमार शामिल थे।