आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता पर ईओयू का शिकंजा, बिहार के चार जिलों में छह ठिकानों पर छापेमारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम (रोहतास) के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की। ईओयू की टीम ने एक साथ पटना, मुजफ्फरपुर, रोहतास और बांका जिले में स्थित उनके छह ठिकानों पर छापेमारी की।

ईओयू की प्रारंभिक जांच में अभियंता के पास 1 करोड़ 19 लाख 98 हजार 534 रुपये की अवैध संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय के स्रोतों की तुलना में लगभग 85.05 प्रतिशत अधिक है।

छापेमारी पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है। कार्रवाई के दौरान बैंक खातों, निवेश, अचल संपत्तियों के दस्तावेज, जमीन से जुड़े कागजात तथा अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। ईओयू की अलग-अलग टीमें सभी ठिकानों पर एक साथ साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान पूरा होने के बाद जब्त की गई अघोषित संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। ईओयू की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार के अभियान की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।