विरोध मार्च को लेकर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने जवानों को दिए कड़े निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

संभावित विरोध मार्च को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस केंद्र, दरभंगा में वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

ब्रीफिंग के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विरोध मार्च के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय तथा आपातकालीन परिस्थितियों में संयम और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संवेदनशीलता और पेशेवर व्यवहार बनाए रखें, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विरोध मार्च के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पुलिस की सभी इकाइयों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।