112 डीएसपी प्रशिक्षण के लिए राजगीर रवाना, बिहार पुलिस मुख्यालय ने जारी किया आदेश ,

3 अगस्त से बिहार पुलिस अकादमी में होगा अनिवार्य सेवाकालीन प्रशिक्षण, प्रशिक्षण अवधि में अधिकारियों के स्थान पर की गई प्रतिस्थानी पदस्थापना

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

बिहार पुलिस मुख्यालय ने बिहार पुलिस सेवा के सीधे नियुक्त 56वीं से 59वीं बैच के 112 पुलिस पदाधिकारियों को अनिवार्य सेवाकालीन प्रशिक्षण के लिए नामित किया है। कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग द्वारा बुधवार को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को 3 अगस्त 2026 से बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में आयोजित होने वाले अनिवार्य सेवाकालीन प्रशिक्षण-1 में भाग लेना होगा।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश संख्या 437, दिनांक 29 जुलाई 2026 में कहा गया है कि यह प्रशिक्षण बिहार पुलिस आदेश संख्या-317/2020 के प्रावधानों के तहत आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित जिलों और इकाइयों में पुलिस व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए प्रत्येक अधिकारी के स्थान पर प्रतिस्थानी अधिकारी की भी तैनाती कर दी गई है।

जारी सूची में पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, नालंदा, रोहतास, सीतामढ़ी, वैशाली, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, नवादा, कैमूर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, अररिया, किशनगंज, औरंगाबाद समेत राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), पुलिस उपाधीक्षक, साइबर क्राइम, यातायात, मुख्यालय तथा अन्य शाखाओं के अधिकारी शामिल हैं।

आदेश के अनुसार प्रशिक्षण अवधि में सभी नामित अधिकारियों को समय पर बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में योगदान देना होगा। साथ ही संबंधित पुलिस इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि प्रतिस्थानी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार सौंपकर प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था संबंधी कार्यों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस सेवाकालीन प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, अपराध अनुसंधान, साइबर अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, कानून-व्यवस्था प्रबंधन तथा नवीन पुलिस तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं पेशेवर बन सके।