31 जुलाई तक शुरू होगा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों में भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता, सीमांकन और निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां अब तक भूमि का सीमांकन नहीं हुआ है या उपयुक्त सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं है, वहां पोषण क्षेत्र के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक भूमि चिन्हित कर जल्द उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि जिन स्थानों पर भूमि का सीमांकन पूरा हो चुका है, वहां बिना किसी विलंब के भवन निर्माण कार्य शुरू कराया जाए और निर्माण की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि घनश्यामपुर प्रखंड में तीन स्थानों पर अब तक भूमि का सीमांकन नहीं हो सका है। इस पर डीएम ने संबंधित अंचलाधिकारी को राजस्व कर्मचारी और अमीन के साथ स्थल निरीक्षण कर जल्द सीमांकन पूरा कराने का निर्देश दिया। वहीं किरतपुर प्रखंड में जलजमाव और गड्ढों के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होने की जानकारी पर डीएम ने सीओ, सीडीपीओ और संबंधित अधिकारियों को तत्काल वैकल्पिक एवं उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों, कार्यपालक अभियंता, सीडीपीओ और संबंधित अधिकारियों को 31 जुलाई तक सभी स्वीकृत स्थलों पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य शुरू कराने का लक्ष्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) चांदनी सिंह मौजूद रहीं। सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारी और सीडीपीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।