‘ऑपरेशन विधि पालक’ के तहत छात्रों को कानून और साइबर सुरक्षा का दिया गया पाठ

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार पुलिस के विशेष जागरूकता अभियान ‘ऑपरेशन विधि पालक’ के तहत बुधवार को बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डुमरी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बिरौल) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और कानून के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी। वहीं परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, कोर्थू में घनश्यामपुर थाना की महिला पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग), बाल श्रम, ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानूनी सहायता लेने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ‘ऑपरेशन विधि पालक’ का उद्देश्य युवाओं और स्कूली बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना तथा समाज में सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।