डेंगू पर सख्ती: जलजमाव हटाने, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर बुधवार को जिला स्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता असैनिक शल्य चिकित्सक सह सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति ने की। इसमें स्वास्थ्य विभाग ने जिले में डेंगू की वर्तमान स्थिति, रोकथाम की तैयारियों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में कहा गया कि डेंगू से बचाव केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों और आम लोगों की सहभागिता से ही इसे प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। नगर परिषद, नगर पंचायत, पंचायती राज, शिक्षा, जीविका, आईसीडीएस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, वन, पशुपालन, पीरामल फाउंडेशन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की नियमित सफाई, कूलर, पानी की टंकी, गमले सहित अन्य जल संग्रहण स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने के साथ आवश्यकतानुसार लार्वीसाइडल छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों, पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, आवश्यक दवाएं, समर्पित डेंगू बेड, प्रशिक्षित रैपिड रिस्पॉन्स टीम और फॉगिंग मशीनें उपलब्ध हैं। स्वास्थ्यकर्मियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा डेंगू के संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा नहीं होने दें, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा बुखार होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच और इलाज कराएं। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।