सड़क और बस स्टैंड निर्माण में तेजी लाने के डीएम के निर्देश, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

शहर में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मदारपुर चौक से होली क्रॉस होते हुए पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ तक बन रही सड़क और दिल्ली मोड़ बस स्टैंड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने, तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान डीएम ने बुडको के परियोजना निदेशक अभय कुमार से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण के दौरान आम लोगों की सुविधा, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का भी निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बस स्टैंड भवन निर्माण में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, बुडको के परियोजना निदेशक अभय कुमार, अभियंताओं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।