दरभंगा में 8 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 25 कंपनियां देंगी 3,000 से अधिक नौकरियां
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में 8 अगस्त को रामनगर सरकारी आईटीआई परिसर में नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026-27 का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जहां विभिन्न निजी कंपनियां और नियोजक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा के अनुसार मेले में स्थानीय नियोजकों सहित करीब 25 नियोजकों के भाग लेने की संभावना है। इनके माध्यम से 3,000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले detjob.bihar.gov.in पोर्टल पर अपना निबंधन कराना होगा। इसके बाद अपने निबंधन आईडी के माध्यम से Darbhanga Job Fair में भाग लेने वाले नियोजकों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है।
नियोजन विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लें। साथ ही ऑनलाइन आवेदन पहले ही पूरा कर लें और मेले में अपना अद्यतन बायोडाटा सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचें, ताकि मौके पर भर्ती प्रक्रिया में आसानी हो सके।