दरभंगा में एलीवेटेड रोड-आरओबी निर्माण के बीच कानून व्यवस्था पर प्रशासन सतर्क, शांति समिति के साथ बनी रणनीति
दरभंगा में एलीवेटेड रोड-आरओबी निर्माण के बीच कानून व्यवस्था पर प्रशासन सतर्क, शांति समिति के साथ बनी रणनीति
दरभंगा में एलीवेटेड रोड-आरओबी निर्माण के बीच कानून व्यवस्था पर प्रशासन सतर्क, शांति समिति के साथ बनी रणनीति
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
शहर में चल रहे एलीवेटेड सड़क, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के निर्माण कार्यों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की।
बैठक में निर्माण कार्यों के कारण उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं, संभावित जाम, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा तथा निर्माण एजेंसियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में कई महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनके पूरा होने के बाद दरभंगा की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक यातायात संकेतकों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की जानकारी समय पर आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों के कारण उत्पन्न समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन और आमजन के बीच समन्वय की भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में निर्माण कार्य या यातायात से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, डीसीएलआर (सदर) संजीत कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।