मिथिला क्रिकेट क्लब बना जिला चैंपियन, फाइनल में आजाद क्रिकेट क्लब को 60 रन से हराया

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 2025-26 सत्र की सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का खिताब मिथिला क्रिकेट क्लब ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में मिथिला क्रिकेट क्लब ने आजाद क्रिकेट क्लब को 60 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मिथिला क्रिकेट क्लब ने 44 ओवर में सभी विकेट खोकर 242 रन बनाए। टीम की ओर से भासवान ने शानदार 78 रन की पारी खेली, जबकि त्रिपुरारी केशव ने 56 और आनंद ने 39 रन का योगदान दिया। राशिद और मयंक ने 20-20 रन बनाए। आजाद क्रिकेट क्लब की ओर से चंदन ने चार विकेट झटके, जबकि शमशी ने दो विकेट हासिल किए। अंकित शिव ऋषि, प्राकृत्य, मुकेश और सरफराज को एक-एक सफलता मिली।

243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजाद क्रिकेट क्लब की टीम 44 ओवर में 182 रन पर सिमट गई। अंकित शिव चौधरी ने सर्वाधिक 91 रन बनाए, जबकि मुकेश कुमार ने 24, सरफराज ने 15 और शमशी ने 11 रन का योगदान दिया। मिथिला क्रिकेट क्लब की ओर से मयंक ने तीन विकेट लिए, जबकि भासवान और अफजल ने दो-दो विकेट चटकाए। त्रिपुरारी केशव, अनिकेत और अमित राज ने एक-एक विकेट हासिल किया।

शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए भासवान को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। ‘बेस्ट बल्लेबाज’ का पुरस्कार त्रिपुरारी केशव और ‘बेस्ट गेंदबाज’ का पुरस्कार अंकित चौधरी को दिया गया। सभी पुरस्कार पूर्व वरीय क्रिकेट खिलाड़ी पारस वर्मा ने प्रदान किए।

पुरस्कार वितरण समारोह में वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी सुरेंद्र सिंह, अशोक चौधरी, प्रभाष मिश्रा, नरेश राय, अंपायर सोहैल अख्तर, संजय झा, शैलेंद्र नाथ, सुभाष सिंह, संजीव सिन्हा, उमर अली खान, प्रदीप गुप्ता, जावेद अनवर, देवनंदन झा, गगन झा, अखलाकुर रहमान और विशाल कुमार सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।