बेनीपुर की छात्राओं को माहवारी स्वच्छता का पाठ, एमएचएम किट बांटकर किया जागरूक

दस्तक 7मीडिया /बेनीपुर 

किशोरियों में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को बेनीपुर स्थित +2 परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति योजना के तहत जिला प्रशासन, दरभंगा एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम, दरभंगा की जेंडर स्पेशलिस्ट डॉली कुमारी तथा वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने छात्राओं को बताया कि माहवारी एक सामान्य और प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है। उन्होंने इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं उसके उचित निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान छात्राओं ने माहवारी से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक तरीके से जवाब दिया। साथ ही उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं के बीच एमएचएम (मेनस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट) किट का वितरण किया गया। साथ ही नियमित स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए उनके स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।