आय से अधिक संपत्ति मामला: अधीक्षण अभियंता के बैंक लॉकर से 64.80 लाख के गहने बरामद

दस्तक 7मीडिया /पटना 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के बैंक लॉकर से 64.80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। यह बरामदगी न्यायालय की अनुमति के बाद लॉकर खोलने पर हुई।

विजिलेंस के अनुसार, लॉकर से करीब 561.32 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत लगभग 63.27 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 835.01 ग्राम चांदी के आभूषण भी मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.53 लाख रुपये है।

ब्यूरो ने 16 जुलाई 2026 को अभियंता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में 1.41 करोड़ रुपये की प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके अगले दिन पटना स्थित उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें एक निजी बैंक में मौजूद लॉकर का भी पता चला था।

बाद में अदालत से अनुमति मिलने के बाद लॉकर खोला गया। जांच के दौरान उसमें रखे लाखों रुपये मूल्य के आभूषण जब्त कर लिए गए। विजिलेंस का कहना है कि बरामद संपत्ति के स्रोत की जांच जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।