सीवान फायरिंग मामले में पुलिस मुख्यालय का बड़ा एक्शन: हवाई फायर करने वाला सिपाही निलंबित, तीन घायलों के बयान पर तीन एफआईआर दर्ज
सीवान फायरिंग मामले में पुलिस मुख्यालय का बड़ा एक्शन: हवाई फायर करने वाला सिपाही निलंबित, तीन घायलों के बयान पर तीन एफआईआर दर्ज
सीवान फायरिंग मामले में पुलिस मुख्यालय का बड़ा एक्शन: हवाई फायर करने वाला सिपाही निलंबित, तीन घायलों के बयान पर तीन एफआईआर दर्ज
दस्तक 7मीडिया /पटना
25 जुलाई 2026 को बिहार बंद के दौरान सीवान शहर के जेपी चौक पर ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा की गई हवाई फायरिंग मामले में पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई करते हुए संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, जेपी चौक पर प्रदर्शनकारियों द्वारा घेर लिए जाने के दौरान सिपाही अभिषेक कुमार ने जान-माल और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के उद्देश्य से अपनी इंसास राइफल से चार राउंड हवाई फायर किए थे। पुलिस का दावा है कि फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
हालांकि बाद में गोली लगने से घायल तीन युवकों के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। इनमें 17 वर्षीय आरिफ, 22 वर्षीय आकाश कुमार और 20 वर्षीय बुलेट कुमार गोंड शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरिफ और आकाश हफीज चौक के पास घायल हुए, जो जेपी चौक से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है, जबकि बुलेट कुमार ट्रैफिक थाना के समीप घायल मिला, जो घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
घायलों का पहले सीवान सदर अस्पताल में इलाज किया गया, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। इनमें आरिफ को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।
तीनों घायलों के फर्दबयान के आधार पर सीवान नगर थाना में 26 जुलाई को अलग-अलग तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग की परिस्थितियों के साथ-साथ घायलों को गोली कैसे लगी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।