डिक्की से उड़ाए गए 1.10 लाख पुलिस ने किए बरामद, कटिहार के दो आरोपितों की पहचान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नेहरा थाना क्षेत्र के लुलुआ के पास सीएसपी संचालक की बाइक की डिक्की से चोरी किए गए ₹1.10 लाख को दरभंगा पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का उद्भेदन करते हुए कटिहार जिले के दो युवकों की पहचान की है। हालांकि दोनों आरोपित पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को बहेड़ा थाना क्षेत्र के धुरौड़ा गांव निवासी हेमंत कुमार राय ने नेहरा थाना में आवेदन देकर बताया था कि उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की नेहरा शाखा से ₹1.10 लाख निकाले थे। राशि बाइक की डिक्की में रखकर वह अपने सीएसपी केंद्र हबीभौआर जा रहे थे। रास्ते में लुलुआ के पास भोजन करने के लिए होटल में रुके। कुछ देर बाद लौटने पर डिक्की से पूरी नकदी गायब मिली। इसके बाद नेहरा थाना में कांड संख्या-103/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना का सहारा लिया। इसके आधार पर मामले में कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र निवासी रंजीत यादव और अमन कुमार की संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद दरभंगा पुलिस की टीम ने कटिहार के रौतारा थाना क्षेत्र में दोनों आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। दोनों आरोपित घर से फरार मिले, लेकिन रंजीत यादव के घर की तलाशी के दौरान गोदरेज अलमारी से चोरी की गई पूरी ₹1.10 लाख की राशि बरामद कर ली गई। पुलिस ने बरामद राशि को जब्त कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जाएगी।

फरार आरोपितों में  रंजीत यादव, निवासी रौतारा, थाना रौतारा, जिला कटिहार, अमन कुमार, निवासी रौतारा, थाना रौतारा, जिला कटिहार शामिल हें।

छापेमारी टीम में शामिल

थानाध्यक्ष मोती कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निलेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार तथा सिपाही दीपक कुमार।