सऊदी अरब में दिवंगत प्रवासी के परिवार को मिली राहत, डीएम ने पत्नी को सौंपा 1.48 लाख का चेक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सऊदी अरब में दिवंगत हुए प्रवासी इमरान आलम खान की पत्नी को भारतीय दूतावास, रियाद से प्राप्त आर्थिक सहायता का चेक सोमवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में सौंपा। यह राशि स्वर्गीय इमरान आलम खान के वैध उत्तराधिकारी के रूप में उनकी पत्नी श्रीमती नजाहत खानम को प्रदान की गई।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय दूतावास, रियाद द्वारा 1,48,101 (एक लाख अड़तालीस हजार एक सौ एक रुपये) का चेक दरभंगा जिला प्रशासन को भेजा गया था। डीएम कौशल कुमार ने नियमानुसार यह चेक श्रीमती नजाहत खानम, निवासी ग्राम मिरन खान, टोला लहवार, अंचल केवटी, जिला दरभंगा को सुपुर्द किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रकार के मामलों में सभी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता, नियमों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन ने बताया कि यह भुगतान भारतीय दूतावास द्वारा स्वर्गीय इमरान आलम खान के वैध उत्तराधिकारी को प्रदान की जाने वाली सहायता राशि के तहत उपलब्ध कराया गया है।