छेड़खानी व दुष्कर्म के प्रयास के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, दो की तलाश में छापेमारी जारी

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।


घनश्यामपुर थाना पुलिस ने छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अन्य दो नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गनौन गांव निवासी सुल्तान खान के पुत्र इरफान खान तथा फिरोज खान के पुत्र सफरोज खान को रविवार देर रात उनके गांव से गिरफ्तार किया गया। दोनों को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया गया कि पीड़िता द्वारा घनश्यामपुर थाना में चार लोगों के विरुद्ध छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शेष दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।