छात्रा हत्याकांड का खुलासा: 25 हजार का इनामी प्रेमी गिरफ्तार, शादी से इनकार पर मारी थी गोली
छात्रा हत्याकांड का खुलासा: 25 हजार का इनामी प्रेमी गिरफ्तार, शादी से इनकार पर मारी थी गोली
छात्रा हत्याकांड का खुलासा: 25 हजार का इनामी प्रेमी गिरफ्तार, शादी से इनकार पर मारी थी गोली
समस्तीपुर, प्रतिनिधि
समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र में छात्रा सुमन कुमारी की गोली मारकर की गई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने छह दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में 25 हजार रुपये के इनामी नामजद आरोपी बब्लू कुमार को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार किए जाने के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे कैजिया विशनपुर गांव की रहने वाली छात्रा सुमन कुमारी स्कूल जा रही थी। इसी दौरान मंगल स्थान के पास उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता उमेश ठाकुर के आवेदन पर वैनी थाना में हत्या और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई, लुकआउट नोटिस जारी किया गया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर एसआईटी ने छापेमारी कर चंदौली वार्ड-13 निवासी आरोपी बब्लू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह छात्रा से प्रेम करता था और उस पर शादी का दबाव बना रहा था। छात्रा द्वारा शादी से इनकार किए जाने पर उसने स्कूल जाते समय गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह अपना मोबाइल परिवार के पास छोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बीआर-33बीई-0203) बरामद की है। घटनास्थल से चार खोखे और मृतका के शव से दो पिलेट भी मिले हैं। हत्या में प्रयुक्त आग्नेयास्त्र की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने बताया कि इस संवेदनशील मामले में मृतका के परिजनों ने जांच पर भरोसा बनाए रखा। मामले का त्वरित विचारण कराकर आरोपी को शीघ्र सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले सूचना देने वालों और एसआईटी के सदस्यों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
छापेमारी दल में शामिल प्रमुख पुलिस अधिकारियों में अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) संजय कुमार पाण्डेय एसआईटी के नेतृत्वकर्ता, पुलिस निरीक्षक संदीप कुमार अंचल निरीक्षक, मुफस्सिल अंचल, पुलिस निरीक्षक कुणाल चन्द्र सिंह प्रभारी, डीआईयू शाखा, पुलिस अवर निरीक्षक कल्पना कुमारी थानाध्यक्ष, वैनी थाना, पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार चौधरी पूसा थाना ,पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार डीआईयू शाखा , सिपाही कुंदन कुमार डीआईयू शाखा एवं वैनी थाना के सशस्त्र बल ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।