अभियान बसेरा-02 में 196 परिवारों को मिला बंदोबस्ती प्रमाण पत्र

जिलाधिकारी बोले-हर पात्र परिवार तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचे सरकारी योजनाओं का लाभ

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में शनिवार को अभियान बसेरा-02 के तहत विशेष अभियान चलाकर सुयोग्य लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित अंचलाधिकारियों ने की। इस दौरान कुल 196 पात्र लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपे गए।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पात्र परिवारों को भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से दिलाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी, प्रभावी और बिना किसी अनावश्यक विलंब के पहुँचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए और लाभुकों से जुड़े सभी मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रमाण पत्र वितरण के साथ-साथ लंबित मामलों के निपटारे पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान बसेरा-02 के तहत दरभंगा जिले में 196 उपलब्धियां दर्ज की गई हैं, जो अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती हैं।