टीबी मुक्त भारत अभियान को मिशन मोड में चलाने का निर्देश, आयुष्मान कार्ड बनाने में भी लाई जाएगी तेजी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान और आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण को गति देने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दोनों योजनाओं को मिशन मोड में संचालित करने और निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिदिन 20 हजार लोगों की गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग, एक्स-रे और आवश्यकता अनुसार सीबीएनएएटी जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी जांच और अभियान की दैनिक प्रगति को समय पर निक्षय पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावी निगरानी की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल स्क्रीनिंग की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक जांच वैज्ञानिक और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए, जिससे संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उनका उपचार शुरू कराया जा सके।

बैठक में आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र परिवारों का शीघ्र कार्ड बनाया जाए और कोई भी लाभार्थी योजना से वंचित न रहे।

उन्होंने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के जिला पदाधिकारी को अभियान की लगातार निगरानी, क्षेत्र भ्रमण और स्वास्थ्य टीमों के मार्गदर्शन का निर्देश दिया। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को महादलित टोलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर जाकर विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाने के लिए कहा।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के जिला पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।