मनीगाछी थाना की पुलिस ने राहगीर से मोबाइल और नकदी लूट मामले  का 12 घंटे में किया खुलासा, कार मालिक गिरफ्तार ,

लाल कार से वारदात को दिया था अंजाम, लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त कार बरामद, अन्य आरोपितों की तलाश जारी

दस्तक 7मीडिया /मनीगाछी

मनीगाछी थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल और नकदी लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में घटना में प्रयुक्त कार के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात करीब 10:46 बजे सूचना मिली कि मनीगाछी थाना क्षेत्र के चक राजे बिलिया बांध स्थित संतमैरी इंटरनेशनल स्कूल के समीप राहगीर बैजनाथ साह से लाल रंग की कार पर सवार अज्ञात युवकों ने मारपीट कर उनका मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये लूट लिए हैं।

सूचना मिलते ही मनीगाछी थाना अध्यक्ष  रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सत्यापन में घटना सही पाए जाने के बाद पुलिस ने विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की।

जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त कार के संबंध में जानकारी मिलने पर कार मालिक सूरज कुमार उर्फ मुन्ना यादव, निवासी चकराजे, थाना मनीगाछी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पीड़ित बैजनाथ साह के आवेदन पर मनीगाछी थाना कांड संख्या 201/26, दिनांक 25 जुलाई 2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेनीपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार सूरज कुमार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने कार चालक रौशन कुमार यादव और चालक के मित्र शीतल कुमार यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार (पंजीकरण संख्या बीआर-01-पीएम-0566) को चकराजे से बरामद कर लिया। साथ ही पीड़ित का लूटा गया इंफिनिक्स कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी चालक रौशन कुमार यादव के घर से बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बरामदगी

घटना में प्रयुक्त कार (बीआर-01-पीएम-0566)
पीड़ित का लूटा गया इंफिनिक्स कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, साध्वी कुमारी, सुनील कुमार, मनीष कुमार, हरिशंकर कुमार तथा राजेश कुमार सिंह ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।