बिहार में परिवहन विभाग का बड़ा फेरबदल, 13 जिला परिवहन अधिकारी और 19 अपर जिला परिवहन अधिकारियों का तबादला,

परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की कवायद, नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने राज्य में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 जिला परिवहन अधिकारियों (डीटीओ) और 19 अपर जिला परिवहन अधिकारियों (एडीटीओ) का तबादला किया है। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य जिलों में परिवहन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाना, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना तथा आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।

नई सूची के तहत मुजफ्फरपुर सहित राज्य के 13 प्रमुख जिलों में नए जिला परिवहन अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं 19 अपर जिला परिवहन अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। उत्तर बिहार समेत कई जिलों में नए एडीटीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में राजू कुमार को मोतिहारी का नया अपर जिला परिवहन अधिकारी बनाया गया है।

परिवहन विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से वाहन निबंधन, ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत करने, वाहन परमिट जारी करने, कर वसूली तथा अन्य परिवहन सेवाओं में गति आएगी। साथ ही आम लोगों को विभागीय सेवाओं का लाभ पहले से अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ मिल सकेगा।

परिवहन विभाग की संयुक्त सचिव द्वारा जारी अधिसूचना में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के अपने नए पदस्थापन स्थल पर पहुंचकर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।