“हें तैयार हम “दरभंगा में दंगा नियंत्रण को लेकर हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने पुलिस बल को कराया मॉक ड्रिल ,
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस केंद्र, दरभंगा में व्यापक दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल को संभावित उपद्रव, कानून-व्यवस्था की चुनौती तथा असामाजिक तत्वों से प्रभावी ढंग से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एंटी राइट गन, टियर गैस, दंगा निरोधी ढाल, हेलमेट तथा अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन किया गया। जवानों ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास भी किया।
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी विषम परिस्थिति में संयम, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने, आपसी समन्वय मजबूत रखने तथा दंगा नियंत्रण उपकरणों के नियमित अभ्यास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ पुलिस बल की तैयारियों का भी आकलन किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इधर लाठी डंटे का मॉक ड्रिल सड़कों पर दिखा।
