समस्तीपुर डीआरएम कार्यालय में सीबीआई का बड़ा एक्शन,

रिश्वत मामले में एपीओ और हेड क्लर्क हिरासत में, घंटों चली पूछताछ से मचा हड़कंप

दस्तक 7मीडिया /समस्तीपुर

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक कार्मिक पदाधिकारी (एपीओ) अरुण मंडल और डीलिंग क्लर्क (हेड क्लर्क) अमृत राज को रिश्वत से जुड़े मामले में हिरासत में लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से डीआरएम कार्यालय के प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों के बीच पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई की चार सदस्यीय विशेष टीम दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सीधे समस्तीपुर डीआरएम कार्यालय के कार्मिक विभाग पहुंची। टीम ने सबसे पहले एपीओ अरुण मंडल को उनके चेंबर से हिरासत में लिया। इसके बाद डीलिंग क्लर्क (हेड क्लर्क) अमृत राज को भी अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने कई घंटे तक कार्मिक विभाग में गहन जांच की। इस दौरान विभाग की कई महत्वपूर्ण फाइलों, अभिलेखों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, टीम ने रिश्वत से जुड़े संभावित साक्ष्य भी जुटाए हैं।

हिरासत में लेने के बाद दोनों रेलकर्मियों को रेलवे अधिकारी क्लब के एक बंद कमरे में ले जाया गया, जहां सीबीआई अधिकारियों ने उनसे अलग-अलग और संयुक्त रूप से पूछताछ की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूछताछ का पूरा क्रम गोपनीय रखा गया।

सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही। कर्मचारी और अधिकारी पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते रहे, जबकि कई लोग विभागीय कार्यालयों के बाहर जुटे दिखाई दिए।

उधर, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले पर कोई भी आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। सीबीआई की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। माना जा रहा है कि पूछताछ पूरी होने के बाद एजेंसी मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है।फिलहाल सीबीआई पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।