15 सूत्री मांगों पर आश्वासन के बाद कांग्रेस नेता की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

प्रखंड मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर 15 सूत्री मांगों को लेकर कांग्रेस के युवा नेता जकाउल्लाह निराले द्वारा बुधवार से शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रमन सिन्हा ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारी से वार्ता की और मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई।
जानकारी के अनुसार, जकाउल्लाह निराले विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़ी 15 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। आंदोलन के दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के आम लोगों का काम नहीं हो पाता है। उन्होंने प्रशासन से भ्रष्टाचार पर रोक लगाने तथा जनता से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
गुरुवार को बीडीओ रमन सिन्हा धरना स्थल पहुंचे और जकाउल्लाह निराले से विस्तृत बातचीत की।
उन्होंने आंदोलनकारी की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद जकाउल्लाह निराले ने अपना अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दिया। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथलेश कुमार चौधरी, घनश्यामपुर प्रखंड अध्यक्ष गोविंद झा, बेनीपुर प्रखंड अध्यक्ष रामेंद्र कुमार, मौलाना जुबैर, सफरेज आलम, मोहम्मद तोहिद उर्फ छोटू सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आंदोलनकारी मौजूद रहे। आंदोलन समाप्त होने के बाद उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मांगों के शीघ्र निष्पादन की अपेक्षा जताई।