दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने का विशेष अभियान, 24 से 26 जुलाई तक सभी पंचायतों में लगेंगे शिविर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में प्रस्तावित नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना को गति देने और गन्ना क्षेत्र विस्तार के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत 24 से 26 जुलाई 2026 तक केवटी, मनीगाछी एवं सिंहवाड़ा प्रखंड की सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां किसानों का गन्ना किसान पंजीकरण, चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता तथा गन्ना खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सचिव, गन्ना उद्योग विभाग, बिहार की अधिसूचना एवं मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में जिले में नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक चीनी मिल के सफल संचालन के लिए लगभग 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ने की खेती आवश्यक होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों को गन्ना उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करने और खेती का रकबा बढ़ाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसमें सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारी और कर्मी किसानों के साथ बैठक कर गन्ना खेती के लाभ, सहकारी सदस्यता और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।

विशेष शिविरों में किसानों का पंजीकरण, सहकारी समिति की सदस्यता, तकनीकी मार्गदर्शन तथा गन्ना उत्पादन से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने सभी पंचायतों के मुखिया एवं पैक्स अध्यक्षों से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी को अभियान की नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया है।

डीएम ने कहा कि यह पहल केवल गन्ना क्षेत्र विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने और जिले में प्रस्तावित नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना के लिए मजबूत आधार तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। किसानों से अपील की गई है कि वे शिविरों में पहुंचकर गन्ना किसान पंजीकरण एवं सहकारी सदस्यता का लाभ अवश्य लें।