घनश्यामपुर थाना में बाल श्रम व बाल विवाह रोकथाम को लेकर कार्यशाला, पुलिसकर्मियों और चौकीदारों ने ली शपथ

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

घनश्यामपुर थाना परिसर में गुरुवार को थाना एवं सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में बाल श्रम, बाल विवाह एवं बाल संरक्षण को लेकर जन जागरूकता कार्यशाला सह शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना की महिला दरोगा आकृति कुमारी ने की। इसमें थाना के पुलिसकर्मी, चौकीदार एवं सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल संरक्षण पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए पुलिस, चौकीदार और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले को बाल श्रम एवं बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य को सामूहिक प्रयास से ही हासिल किया जा सकता है। सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश एवं त्रिपुरारि कुमार ने चौकीदारों को गांव स्तर पर सतर्क रहने और बाल श्रम, बाल विवाह तथा बच्चों से जुड़े किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि चौकीदार गांव की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से ऐसे मामलों की प्रभावी रोकथाम संभव है। कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों एवं चौकीदारों ने बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाने तथा ऐसे मामलों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।