NEET पेपर लीक के विरोध में दरभंगा में बवाल: दिल्ली–पटना के बाद प्रदर्शन हिंसक, रोड़ेबाजी में एसडीपीओ  समेत कई पुलिसकर्मी और दर्जनभर पत्रकार घायल

दस्तक 7मीडिया,दरभंगा /गुड्डू राज /संजय कुमार राय 

दरभंगा। NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को दरभंगा में निकाला गया विरोध मार्च उस समय हिंसक हो गया, जब लौटने के दौरान अचानक रोड़ेबाजी शुरू हो गई। इस घटना में सदर SDPO समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए। वहीं, कवरेज कर रहे करीब एक दर्जन पत्रकारों के भी चोटिल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस, भीम आर्मी और अन्य संगठनों की ओर से कर्पूरी चौक से समाहरणालय तक विरोध मार्च निकाला गया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दिल्ली और पटना में छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में यह शांतिपूर्ण प्रतिवाद मार्च आयोजित किया गया था। मार्च दोपहर करीब 12 बजे कर्पूरी चौक से शुरू होकर लगभग डेढ़ बजे समाहरणालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और देशभक्ति गीत भी गाए। करीब ढाई बजे तक कार्यक्रम शांतिपूर्वक समाप्त हो गया और लोग लौटने लगे।

लोहिया  चौक पर अचानक शुरू हुई रोड़ेबाजी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लौटने के दौरान लोहिया  चौक के पास अचानक पत्थर और ईंट के टुकड़े चलने लगे। घटना से आसपास के लोग सहम गए। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। कुछ देर के लिए स्थिति सामान्य हुई, लेकिन इसके बाद फिर से रोड़ेबाजी शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

DM, SSP और DIG ने खुद संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और मिथिला क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) स्वयं मौके पर पहुंचे। लोहिया चौक पर अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और पुलिस बल के साथ उपद्रवियों को खदेड़ा।  डीआईजी  मनोज कुमार तिवारी भी कार्रवाई के दौरान तेजी से आगे बढ़े और बाल-बाल बच गए। मौके पर ग्रामीण SP, सदर DSP, लाइन DSP, मुख्यालय DSP सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस पर लगातार बरसते रहे पत्थर

घटना के दौरान पुलिस ने पहले भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रोड़ेबाजी लगातार जारी रही। इसी दौरान सदर SDPO सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। पत्रकार भी पत्थरबाजी की चपेट में आ गए, जिससे कई मीडिया कर्मियों को चोटें आईं।

नाबालिगों को आगे कर कराई गई पत्थरबाजी’

घटनास्थल पर मौजूद लोगों का दावा है कि पत्थरबाजी में बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों को आगे रखा गया था, जबकि पीछे से अन्य युवक उन्हें समर्थन दे रहे थे। पुलिस ने बच्चों को समझाने की कोशिश की, लेकिन पत्थरबाजी जारी रही।इसके बाद पुलिस ने भी लाठियां चलाई,और खदेड़कर कई उपद्रवियों को पकड़ा।

पहले से थी तैयारी?’

घटनास्थल पर जिस तरह बड़ी मात्रा में ईंट और पत्थर इस्तेमाल किए गए, उसे लेकर यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या पूरी घटना पहले से सुनियोजित थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहिया चौक से दारू भट्ठी चौक और जीएन चौक तक सामान्यतः सड़क किनारे इतने ईंट के टुकड़े मौजूद नहीं रहते, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इन्हें पहले से इकट्ठा किया गया हो। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक जांच जारी है।

30 युवक हिरासत में, कई नाबालिग भी शामिल

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 30 युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें लगभग एक दर्जन नाबालिग बताए जा रहे हैं। लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

आयोजकों पर भी कार्रवाई की तैयारी

सूत्रों के अनुसार उपमहापौर नाजिया हसन समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। बताया गया कि प्रदर्शन को लेकर सदर SDO को सूचना दी गई थी। वहीं, सदर SDO का कहना है कि लिखित सूचना प्राप्त हुई थी, लेकिन जुलूस की अनुमति नहीं दी गई थी।

दिल्ली और पटना की घटनाओं के विरोध से शुरू हुआ प्रदर्शन, हिंसक रुप ने बदल दी तस्वीर

NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्रों का आक्रोश लगातार सामने आ रहा है। दिल्ली और पटना में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में दरभंगा का मार्च आयोजित किया गया था। लेकिन समाहरणालय तक शांतिपूर्ण ढंग से चला प्रदर्शन लौटते समय हिंसा में बदल गया। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीआईजी के नेतृत्व में एसएसपी ,ग्रामीण एसपी ,एवं भारी मात्रा में बलों के साथ शहर के हिस्सों में फलेग मार्च निकाला गया ,डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ,एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में हे।उन्होंने कहा कि जो भी दोषी हे उसमें एक भी नहीं बचेंगे ,वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के सहारे एक एक उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा हे।