80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह,

डीएम कौशल कुमार ने समीक्षा बैठक में सभी विभागों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश, ई-आमंत्रण और राष्ट्रगान की विशेष व्यवस्था होगी।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, भव्य और गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए समारोह को पूरी गरिमा, अनुशासन और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाए। उन्होंने जिला जनसंपर्क कार्यालय को समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। डीएम ने कार्यपालक अभियंता (भवन) को स्टेडियम का मैदान समतल कराने तथा जलजमाव और कीचड़ से पूरी तरह मुक्त रखने के निर्देश दिए। वहीं नगर आयुक्त को पोलो मैदान की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।

जिला कल्याण पदाधिकारी को चयनित महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी कराने तथा विकास मित्रों और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रभात फेरी और राष्ट्रगान की प्रभावी प्रस्तुति की जिम्मेदारी सौंपी गई। चयनित स्थानों पर छात्राओं द्वारा निर्धारित समय पर सामूहिक राष्ट्रगान कराया जाएगा।

समारोह स्थल पर पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था नजारत शाखा के माध्यम से की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, साज-सज्जा और माल्यार्पण की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है।

डीएम ने सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधियों, वरीय अधिकारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को ई-आमंत्रण पत्र (ई-कार्ड) के माध्यम से आमंत्रित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य और यादगार तरीके से आयोजित किया जा सके।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, डीपीओ आईसीडीएस चांदनी सिंह, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।