फिसलकर पोखर में डूबने से किशोर की मौत,घंटों की तलाश के बाद पोखर किनारे पानी में मिला शव

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान

बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में मंगलवार देर शाम फिसलकर पानी से लबालब भरे पोखर में गिरने से एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान डरहार वार्ड संख्या-4 निवासी गोपाल सदा के 16 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिजन राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम सुभाष घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घर से करीब 200 मीटर दूर एक पुराने पोखर के पास उसकी चप्पल मिली। इससे अनहोनी की आशंका होने पर ग्रामीणों की मदद से पोखर में तलाश शुरू की गई।
घंटों की मशक्कत के बाद सुभाष का शव पोखर के किनारे पानी में दबा हुआ मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि सुभाष दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।