बारिश के पानी में नहाने गया 20 वर्षीय युवक डूबा, अगले दिन मिला शव

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

बारिश के पानी में नहाने गए 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पानी में तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


मृतक की पहचान शुभंकरपुर वार्ड-8 निवासी नीरज कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पिता राम प्रकाश राय, माता, दो भाई और एक बहन को छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नीरज घर से बच्चों के साथ बारिश के पानी में नहाने निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे उसका चप्पल मिला, जिसके बाद डूबने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक युवक की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि नीरज एक निजी स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर लौटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उसकी मां उसी स्कूल में रसोई का कार्य करती हैं, जहां नीरज पढ़ाई करता था।
मृतक के चाचा अमित कुमार ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।