दरभंगा में ज़मीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, दोनों की प्राथमिकी दर्ज; फायरिंग, रंगदारी और अवैध कब्जे के गंभीर आरोप

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/बहादुरपुर

बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बलुआही मौजा स्थित एक विवादित जमीन को लेकर मंगलवार को दो पक्षों के बीच बड़ा विवाद सामने आया। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर बहादुरपुर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक पक्ष ने भू-माफियाओं द्वारा हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा और फायरिंग का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने, मारपीट और निर्माण कार्य रोकने का आरोप लगाया है।

 

पुलिस ने इस मामले में बहादुरपुर थाना कांड संख्या 220/26 और 221/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों की जांच का जिम्मा एसआई अभय कुमार को सौंपा गया है।

पहला पक्ष: भू-माफियाओं पर कब्जे और फायरिंग का आरोप

सिमरी थाना क्षेत्र के डलोर सोभन निवासी नौसाद अहमद ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 21 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे उनकी खतियानी जमीन (मौजा बलुआही) पर मो. मुर्तुजा उर्फ जौहर सहित कई नामजद लोगों ने 100 से 150 समर्थकों के साथ हथियारों से लैस होकर जबरन कब्जा करने और निर्माण कार्य शुरू कर दिया।

आवेदन में कहा गया है कि सूचना मिलने पर पूर्व मुखिया मो. सफदर इमाम उर्फ साहेब मौके पर पहुंचे और विरोध किया, लेकिन उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। बाद में पुलिस के पहुंचने पर कुछ देर के लिए निर्माण कार्य रुका, लेकिन पुलिस के जाने के बाद फिर शुरू हो गया।

शिकायत के अनुसार, दूसरी बार पुलिस पहुंचने पर आरोपित मो. साजिद ने पूर्व मुखिया पर जान से मारने की नीयत से कथित तौर पर रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसकी वीडियो पुलिस पदाधिकारी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड की। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते-जाते आरोपितों ने हत्या की धमकी दी।

दूसरा पक्ष: 10 लाख रंगदारी मांगने और मारपीट का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष के नारायण साह ने बहादुरपुर थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वे अपनी जमीन की घेराबंदी के लिए पिलर लगवा रहे थे। इसी दौरान पूर्व मुखिया सफदर इमाम उर्फ साहेब सहित 10 नामजद और 20-25 अन्य लोग वहां पहुंचे।

शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग की और इंकार करने पर मारपीट की, बाउंड्री के पिलर उखाड़ दिए तथा मजदूरों को पीटकर भगा दिया। आवेदन में सफदर इमाम को कुख्यात अपराधी बताते हुए उनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।

पुलिस कर रही जांच

बहादुरपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग कांड दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक मामले में हथियार से फायरिंग और अवैध कब्जे के आरोप हैं, जबकि दूसरे में रंगदारी, मारपीट और निर्माण कार्य बाधित करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों, घटनास्थल के साक्ष्यों तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवादित जमीन को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।