बिहार पुलिस अब होगी पूरी तरह डिजिटल, पीएसएम पोर्टल से बदल जाएगी थानों की कार्यशैली

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार पुलिस को तकनीक आधारित और अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय, पटना के सभागार में पुलिस स्टेशन प्रबंधन (पीएसएम) पोर्टल पर राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था से पुलिसिंग अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनेगी।

कार्यशाला में अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) सुधांशु कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के. सुहिता अनुपम, पुलिस महानिरीक्षक (प्रावधान) पी. कन्नन सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं राज्य के विभिन्न जिलों से आए पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस स्टेशन प्रबंधन (पीएसएम) पोर्टल के माध्यम से थाना स्तर से लेकर पुलिस मुख्यालय तक की पूरी व्यवस्था एकीकृत डिजिटल प्रणाली से जुड़ जाएगी। इससे थानों के कार्यों की निगरानी आसान होगी, अभिलेख सुरक्षित एवं व्यवस्थित रहेंगे तथा प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता बढ़ेगी। अधिकारियों को वास्तविक समय में आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध होने से निर्णय लेने की प्रक्रिया भी अधिक तेज और प्रभावी होगी।

पोर्टल के माध्यम से अपराध के बदलते स्वरूप का विश्लेषण, पुलिस संसाधनों का बेहतर उपयोग, कार्यों की नियमित समीक्षा तथा भविष्य की रणनीति तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। इससे राज्य में तकनीक आधारित पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पीएसएम पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन से थानों की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित होगी, जवाबदेही बढ़ेगी और आम लोगों को पहले की तुलना में अधिक त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। यह पहल बिहार पुलिस को आधुनिक, पारदर्शी और जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।