डायल-112 पुलिस को धमकी देने और अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फेसबुक पर वायरल किया था वीडियो

दस्तक 7 मिडिया,बिरौल/कुशेश्वर स्थान,दरभंगा।

जिला के नदी थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने, डायल-112 पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर ‘हॉर्स लवर’ नाम से आईडी चलाता था, जिसके जरिए उसने आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न करीब 09:10 बजे नदी थाना के आधिकारिक मोबाइल पर सोशल मीडिया के माध्यम से एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने इसका अवलोकन किया, तो पाया कि एक व्यक्ति द्वारा आम जनता में भय, दहशत और असुरक्षा का माहौल पैदा करने के लिए जानबूझकर वीडियो बनाया गया है। वीडियो में आरोपी ने डायल-112 पुलिस के विरुद्ध अत्यंत अपमानजनक व अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया था और खुलेआम अवैध हथियार का प्रदर्शन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर सत्यापन और आसूचना संकलन किया गया, जिसके आधार पर वीडियो बनाने और प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान चन्द्रशेखर यादव (पिता- राम सोगारथ यादव, निवासी- बुढ़िया सुखरासी, थाना- नदी, जिला- दरभंगा) के रूप में हुई। आरोपी अपनी फेसबुक आईडी ‘हॉर्स लवर’ के माध्यम से लगातार वीडियो अपलोड और वायरल कर रहा था। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि इस सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए नदी थाना के थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र बल और पुलिस अधिकारी राजेश कुमार (पु०अ०नि०) की एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रशेखर यादव को उसके घर से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी फेसबुक आईडी ‘हॉर्स लवर’ पर उक्त वीडियो अपलोड करने की बात स्वीकार कर ली है। उसके मोबाइल की जांच करने पर फेसबुक आईडी और वीडियो वायरल होने की पुष्टि हुई, जिसके साक्ष्य के रूप में उसका VIVO T4R 5G मोबाइल विधिवत जप्त कर लिया गया है। वीडियो में प्रदर्शित अवैध हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी के ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है।
अभियुक्त के विरुद्ध सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर लोक शांति एवं विधि-व्यवस्था भंग करने, आम जनता में भय व आतंक उत्पन्न करने, तथा पुलिस एवं लोक सेवकों के विरुद्ध अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने के आरोप में नदी थाना कांड संख्या- 32/26, दिनांक- 20.07.26 दर्ज की गई है। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कह कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस बल का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।