देवर से हंसी-मजाक पर विवाद, जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान

जहरीला पदार्थ खाने से गंभीर रूप से बीमार हुई एक विवाहिता की इलाज के दौरान डीएमसीएच में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
मृतका की पहचान जाले थाना क्षेत्र के सोतिया ककरहिया वार्ड संख्या-8 निवासी मो. आलमगीर की पत्नी शाहीना खातून (29) के रूप में हुई है।
ससुराल पक्ष के अनुसार, परिवार में 18 जुलाई को एक शादी समारोह था, जिसमें रिश्ते के देवर शाहीना से हंसी-मजाक कर रहे थे। इसे लेकर पति आलमगीर नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी से आहत होकर सोमवार सुबह शाहीना ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां होने लगीं। परिजन पहले गांव के एक कंपाउंडर से उसका इलाज कराते रहे। हालत गंभीर होने पर देर शाम उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके, सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र से परिजन डीएमसीएच पहुंचे। मृतका के मामा मो. फिरोज ने कमतौल पुलिस को सूचना देकर मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने फर्दबयान के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम परिसर में मृतका के मामा ने बताया कि वर्ष 2015 में शाहीना की शादी हुई थी। पति सूरत में मजदूरी करता था। वर्ष 2023 में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद शाहीना मायके में रहकर झाड़ू-पोछा का काम करने लगी थी। नवंबर 2025 में दोनों के बीच समझौता होने के बाद वह फिर ससुराल लौट गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि संतान नहीं होने को लेकर पति अक्सर शाहीना से झगड़ा करता था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि शाहीना ने जहरीला पदार्थ स्वयं खाया या उसे जबरन खिलाया गया। मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।