रैयाम चीनी मिल के लिए 24 से 26 जुलाई तक विशेष कैंप, गन्ना किसानों का होगा पंजीकरण,

केवटी, सिंहवाड़ा और मनीगाछी प्रखंडों में चलेगा अभियान, सहकारी समिति की सदस्यता भी मिलेगी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

रैयाम चीनी मिल के संचालन को गति देने और अधिक से अधिक गन्ना किसानों को जोड़ने के उद्देश्य से 24 से 26 जुलाई तक जिले के केवटी, सिंहवाड़ा और मनीगाछी प्रखंडों में विशेष पंजीकरण एवं सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विशेष कैंप लगाकर किसानों का सहकारी समिति की सदस्यता के साथ-साथ गन्ना किसान के रूप में पंजीकरण किया जाएगा।

इस संबंध में मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में रैयाम चीनी मिल को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीनों प्रखंडों के अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कैंपों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को कैंप तक लाया जाए।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक कैंप में पंचायत सचिव, पंचायत राज कार्यपालक सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, हल्का कर्मचारी, किसान सलाहकार और स्थानीय कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के कर्मी मौजूद रहेंगे, जो सदस्यता एवं पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाएंगे।

अभियान की निगरानी के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि रैयाम चीनी मिल के संचालन और क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को नई गति मिल सके।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला ईख पदाधिकारी, सहायक निदेशक (ईख विकास) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।