कुशेश्वरस्थान पूर्वी में लगा सहयोग शिविर, डीएम-एसएसपी ने खुद सुनीं लोगों की समस्याएं
कुशेश्वरस्थान पूर्वी में लगा सहयोग शिविर, डीएम-एसएसपी ने खुद सुनीं लोगों की समस्याएं
कुशेश्वरस्थान पूर्वी में लगा सहयोग शिविर, डीएम-एसएसपी ने खुद सुनीं लोगों की समस्याएं
दस्तक 7मीडिया /प्रशांत कुमार
आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी स्थित मध्य विद्यालय (बालक) परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई परिवादियों से स्वयं आवेदन प्राप्त किए और संबंधित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित कर संबंधित आवेदकों को इसकी सूचना भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रेड्डी ने भी शिविर का निरीक्षण कर पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रमाण-पत्र निर्माण समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ उठाया।