दरभंगा के निजी छात्रावास में बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
दरभंगा के निजी छात्रावास में बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
दरभंगा के निजी छात्रावास में बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद स्थित एसबीआई के समीप एक निजी छात्रावास में बीएड की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। कमरे के अंदर पंखे से लटका शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के घाटभटरा निवासी विद्यानंद यादव की 25 वर्षीय पुत्री निधि कुमारी के रूप में हुई है।
निधि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीएड की पढ़ाई कर रही थी और कादिराबाद स्थित एक निजी छात्रावास में रह रही थी। सोमवार को डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में छात्रा के दुपट्टे के सहारे फंदा लगाने की बात सामने आई है। मौके से मिले मोबाइल फोन, हेडफोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
विश्वविद्यालय थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
वहीं, मृतका की मां सुनीता देवी ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सुबह करीब नौ बजे बेटी से उनकी सामान्य बातचीत हुई थी और उसने दस बजे नाश्ता करने की बात कही थी। इसके कुछ समय बाद गांव के चौकीदार से बेटी की मौत की सूचना मिली। छात्रावास पहुंचने पर उन्होंने शव को नीचे कपड़े में लिपटा देखा। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।