पटना में बड़ी कार्रवाई: सम्यागढ़ थानाध्यक्ष 27 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई में पटना जिले के सम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी थाना परिसर स्थित कैंपस से की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, एक शिकायत के आधार पर निगरानी की टीम ने जाल बिछाया था। आरोप है कि थानाध्यक्ष सौरभ कुमार एक मामले में कार्रवाई के एवज में 27 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और रिश्वत की राशि लेते समय उन्हें थाना कैंपस से रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी थानाध्यक्ष को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस विभाग के एक थानाध्यक्ष की इस तरह गिरफ्तारी से महकमे में चर्चा का माहौल है। मामले में निगरानी विभाग जल्द ही विस्तृत जानकारी जारी कर सकता है।