गरीबों के मसीहा और विधान परिषद तक का सफर तय करने वाले स्वर्गीय सुनील सिंह की पुण्यतिथि पर नम आंखों से श्रद्धांजलि

दस्तक 7 मिडिया,बिरौल, दरभंगा।

अपनी असाधारण सादगी,अजातशत्रु स्वभाव और जनता के प्रति अटूट समर्पण के लिए सर्व-ज्ञात दरभंगा जिले के बिरौल निवासी स्वर्गीय सुनील सिंह जी की पुण्यतिथि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। बिरौल की धरती से अपनी राजनीतिक यात्रा का शंखनाद करने वाले स्वर्गीय सिंह ने उप प्रमुख के पद से लेकर बिहार विधान परिषद के उच्च सदन तक का गौरवशाली सफर तय किया था, लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान उनके जननेता होने और गरीबों के मसीहा के रूप में थी।


राजनीति को महज सत्ता का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानने वाले स्वर्गीय सुनील सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र और विशेष रूप से बिरौल के विकास के लिए स्वर्णिम अध्याय लिखे। उनके द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य आज भी जनता के दिलों में उनकी यादें ताजा कराते हैं। प्रशासनिक कार्यों को सुगम और जनता की पहुंच में बनाने के लिए बिरौल में नए प्रखंड कार्यालय भवन की स्थापना के लिए प्रयासरत रहे।
क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आईटीआई कॉलेज की स्थापना की, जिससे आज भी यहां के छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। आधारभूत संरचनाओं के विकास से लेकर हर वर्ग के उत्थान तक, उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसे अनगिनत कार्य किए जो आज इस क्षेत्र की प्रगति की धुरी बने हुए हैं।
स्वर्गीय सुनील सिंह का व्यक्तित्व ऐसा था कि वे हर आम और खास के सुख-दुख में हमेशा सबसे आगे खड़े मिलते थे। अपनी मृदुभाषिता,विनम्रता और सादगीपूर्ण जीवनशैली के कारण वे विरोधी खेमे में भी उतने ही आदरणीय थे जितने अपने समर्थकों के बीच। गरीबों, वंचितों और बेसहारों के अधिकारों की आवाज बनकर वे हमेशा उनके ढाल बने रहे, यही कारण है कि आज भी क्षेत्र की जनता उन्हें “गरीबों के मसीहा” के रूप में याद करती है। उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा बिरौल विकास युवा मोर्चा अध्यक्ष कौशल बिरौलिया,उपाध्यक्ष रिक्की राजपूत, सचिव विकास रंजन, पंचायत अध्यक्ष कुंदन सिंह, सियावर सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौरभ कुमार, उपाध्यक्ष रोहन सिंह, महामंत्री रमेश कमती,सिकंदर पासवान के अलावा संजय मंडल,विनोद चौधरी,पुर्व मुखिया शत्रुघ्न सहनी सहित दर्जनों समर्थक उनके जीवन और कृतित्व को याद किया।