सकतपुर थाना का ग्रामीण एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन व फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के सकतपुर थाना का सोमवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सहित थाना के सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीण एसपी ने थाना के विभिन्न अभिलेखों, कार्यप्रणाली तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के क्रम में आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, ओडी जांच, हाजत सुरक्षा, चार्जशीट, स्टेशन डायरी सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की गई। साथ ही हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर आपराधिक मामलों एवं लंबित कांडों की प्रगति की समीक्षा की गई।

ग्रामीण एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने तथा बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने थानाध्यक्ष को पुराने लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने तथा वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप मामलों की जांच करने, वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीकों से साक्ष्य संकलित करने तथा विवेचना की गुणवत्ता बेहतर बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगातार निगरानी रखने तथा शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

ग्रामीण एसपी ने कहा कि थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें।