पुलिस अधीक्षक कार्यालय में  CCTNS और आईटी कार्यों की समीक्षा, एसएसपी ने थानों को दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को अपने कार्यालय के सभा कक्ष में जिले के सभी थानों के सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में CCTNS एवं अन्य सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा सभी प्रभारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिया कि स्टेशन डायरी, प्राथमिकी (एफआईआर) रिपोर्ट तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों की प्रविष्टि CCTNS पोर्टल पर वास्तविक समय (रियल टाइम) में सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी अभिलेख अद्यतन रहें।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को ई-साक्ष्य (e-Sakshya) ऐप पर प्रत्येक कांड से संबंधित महत्वपूर्ण फोटो एवं वीडियो नियमानुसार अपलोड करने का निर्देश दिया। साथ ही पुराने मामलों की केस डायरी को वर्षवार CCTNS पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

समीक्षा बैठक में ई-समन प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिया कि सभी दर्ज प्राथमिकी एवं गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के भीतर SCRB पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।

इसके अलावा CriMAC के माध्यम से जीरो एफआईआर को संबंधित दूसरे राज्यों में शीघ्र प्रेषित करने, आरोप पत्र एवं अंतिम प्रपत्र को CCTNS पर अपलोड करने तथा गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित मामलों का समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में CriMAC एवं ICJS पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन कर आवश्यक सर्च एवं डाटा अपडेट सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी आईटी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन आवश्यक है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।