जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं 30 से अधिक लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार सरकार के “निश्चय पार्ट-3 : सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई एवं समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 30 से अधिक नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने सभी परिवादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और कई मामलों में तत्काल समाधान की दिशा में कार्रवाई की। उन्होंने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही परिवादियों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें घर बैठे समाधान की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाने, अनुकंपा नियुक्ति, विवाह प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना तथा अनुग्रह अनुदान से जुड़े मामले शामिल रहे। कई मामलों में संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का आदेश संबंधित विभागों को दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समाधान शीघ्र, पारदर्शी और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।