21 जुलाई के सहयोग शिविर की तैयारी पूरी, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश
21 जुलाई के सहयोग शिविर की तैयारी पूरी, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश
21 जुलाई के सहयोग शिविर की तैयारी पूरी, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में जन शिकायतों और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) स्वप्निल ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों, जन शिकायतों, विकासात्मक योजनाओं तथा 21 जुलाई को जिले के 48 स्थानों पर आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व और जन शिकायतों से संबंधित मामलों की विभागवार प्रगति का आकलन किया गया। अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीडीसी ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आवेदनों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में 21 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिविर के दौरान प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।