22 जुलाई को दरभंगा के 18 केंद्रों पर होगी बिहार पुलिस रेडियो एएसआई परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार पुलिस रेडियो वितंतु में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद पर नियुक्ति के लिए आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 22 जुलाई (बुधवार) को दरभंगा जिला मुख्यालय के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सोमवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में केंद्राधीक्षकों एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर ने की।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक एक पाली में होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

अपर समाहर्ता ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था रहेगी। बायोमेट्रिक सत्यापन में लगे कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं तथा परीक्षा में प्रतिनियुक्त वीक्षकों और अन्य कर्मियों को आयोग की निर्देश पुस्तिका के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही सभी कर्मियों की पहचान एवं जांच सुनिश्चित कर उनके दायित्व स्पष्ट किए जाएं।

बैठक में कहा गया कि परीक्षा के दौरान वीक्षक अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे, समय-समय पर पुनः फ्रिस्किंग करेंगे तथा किसी भी अनुचित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। बिना उचित कारण कोई भी वीक्षक परीक्षा कक्ष से बाहर नहीं जाएगा। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को सुबह 7 बजे तक परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

आयोग के मानक के अनुसार प्रत्येक 24 अभ्यर्थियों पर एक वीक्षक तथा प्रत्येक अतिरिक्त 24 अभ्यर्थियों पर एक अतिरिक्त वीक्षक की तैनाती की जाएगी।

अपर समाहर्ता ने स्पष्ट किया कि वैध प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के बिना किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश द्वार पर स्टैटिक दंडाधिकारी स्वयं मौजूद रहेंगे और अभ्यर्थियों की भौतिक जांच कराएंगे। पुरुष अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग पुरुष पुलिसकर्मी तथा महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिसकर्मी द्वारा कवर्ड एरिया में कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणा की जाए कि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, लिखित सामग्री, सादा कागज अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करे।

बैठक के अंत में अपर समाहर्ता सलीम अख्तर ने सभी अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों से आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।